मसूरी में शाम को मॉल रोड पर गाड़ियों की नो एंट्री, अनधिकृत रास्तों पर भी होगी रोक..
उत्तराखंड: पर्यटन नगरी मसूरी की मॉल रोड पर शाम के समय पैदल घूमने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन यातायात व्यवस्था में बदलाव करने जा रहा है। निर्धारित समय में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए मॉल रोड के प्रवेश बिंदुओं पर चार से पांच स्थानों पर बोलार्ड लगाए जाने की योजना है। इसके साथ ही आसपास के संपर्क मार्गों पर भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी, ताकि दूसरे रास्तों से वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल न हो सकें। इस संबंध में एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मॉल रोड का निरीक्षण किया। टीम ने बोलार्ड लगाने के संभावित स्थानों को चिह्नित करने के साथ जमीन के नीचे मौजूद पानी की पाइपलाइन और अन्य उपयोगिता सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया।
संपर्क मार्गों से वाहनों की एंट्री रोकने पर जोर
मॉल रोड पर शाम के समय वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बना रहता है। मुख्य प्रवेश मार्गों पर प्रतिबंध के बावजूद आसपास के संपर्क रास्तों से वाहन पहुंचने की समस्या सामने आती है। इसे देखते हुए प्रशासन अब प्रवेश बिंदुओं पर स्थायी व्यवस्था विकसित करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत ग्रीन चौक, अंबेडकर चौक, बाहर कैंची और हैम्पटन कोर्ट स्कूल की ओर जाने वाले मार्गों पर बोलार्ड लगाने की संभावनाएं देखी गई हैं। इससे प्रतिबंधित समय में मॉल रोड पर वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
सर्वे के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
स्थल निरीक्षण में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और सर्वे करने वाली संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एसडीएम राहुल आनंद के अनुसार, बोलार्ड लगाने से पहले तकनीकी सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे टीम ने रिपोर्ट तैयार करने के लिए करीब एक सप्ताह का समय मांगा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए टेंडर जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। पूरी प्रक्रिया में लगभग एक महीने का समय लगने का अनुमान है।
कैमल्स बैक रोड को योजना से रखा गया अलग
प्रशासन ने कैमल्स बैक रोड को इस व्यवस्था से अलग रखने का निर्णय लिया है। एसडीएम के मुताबिक, इस मार्ग पर स्थानीय लोगों के आवास होने के साथ कई होटल भी संचालित होते हैं। ऐसे में यहां आवागमन की सुविधा बनाए रखना जरूरी है। दूसरी ओर मॉल रोड पर प्रतिबंधित समय के दौरान वाहनों की एंट्री को लेकर सख्ती बरती जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित अवधि में अनावश्यक वाहन सड़क पर न पहुंचें और पैदल चलने वालों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शाम 4:30 से रात 10:30 बजे तक रहेगा प्रतिबंध
प्रशासन के अनुसार, मॉल रोड पर शाम 4:30 बजे से रात 10:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, आवश्यक सेवाओं और सरकारी वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। बोलार्ड लगाने की योजना लागू होने के बाद संपर्क मार्गों से होने वाली अनधिकृत एंट्री पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे शाम के समय मॉल रोड पर पैदल घूमने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा। फिलहाल योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए तकनीकी सर्वे और टेंडर संबंधी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।
