दीपावली पर जगमग रहेंगे घर और बाजार, बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग अलर्ट..
उत्तराखंड: दीपावली पर प्रदेशवासियों के घर और बाजार रोशनी से जगमग रहें, इसके लिए ऊर्जा विभाग ने बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। बिजली की मांग और उपलब्धता के बीच अंतर होने के बावजूद विभाग का प्रयास है कि त्योहार के दौरान लोगों को कटौती का सामना न करना पड़े। इसके लिए अधिकारियों को दीपावली के दौरान रोस्टिंग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, दीपावली के समय घरों, बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सजावट और रोशनी के चलते बिजली की खपत बढ़ जाती है। खासकर शाम और रात के समय मांग में तेजी आती है। ऐसे में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बिजली की जरूरत पड़ती है। इसे देखते हुए ऊर्जा विभाग अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था करने के साथ ही उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
बिजली की उपलब्धता बनी चुनौती
प्रदेश में इस समय बिजली की मांग के अनुरूप उपलब्धता सुनिश्चित करना आसान नहीं है। राज्य के अपने उत्पादन में कमी और केंद्रीय पूल से निर्धारित हिस्से के अनुरूप बिजली नहीं मिल पाने के कारण आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है। वहीं, देशभर में बिजली की बढ़ती मांग का असर खुले बाजार से होने वाली खरीद पर भी पड़ रहा है खुले बाजार में बिजली की कीमतें अधिक होने के बावजूद जरूरत के मुताबिक बिजली उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ऐसे में दीपावली के दौरान बढ़ने वाली अतिरिक्त खपत को पूरा करने के लिए विभाग को पहले से ही बिजली की उपलब्धता और मांग का आकलन करना पड़ रहा है।
त्योहार से पहले दुरुस्त होंगे बिजली के उपकरण
ऊर्जा विभाग ने बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए तकनीकी तैयारियों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। जिन क्षेत्रों में बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों की मरम्मत की जरूरत है, वहां दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ट्रांसफार्मरों और बिजली के खंभों की जांच कर उनकी स्थिति दुरुस्त करने को कहा गया है। विभाग का जोर इस बात पर है कि त्योहार के दौरान तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित न हो। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
पीक आवर्स में आपूर्ति बनाए रखने पर जोर..
दीपावली के दिन शाम से लेकर देर रात तक बिजली की खपत सबसे अधिक रहने की संभावना है। घरों में सजावटी लाइटों, बाजारों में रोशनी और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण बिजली की मांग बढ़ेगी। ऐसे में पीक आवर्स के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। बिजली की उपलब्धता को लेकर बनी चुनौतियों के बीच ऊर्जा विभाग अतिरिक्त इंतजाम और तकनीकी व्यवस्थाओं के सहारे त्योहार पर आपूर्ति सामान्य रखने की कोशिश में जुटा है। विभागीय निर्देशों के अनुसार दीपावली के दौरान रोस्टिंग नहीं की जाएगी, ताकि प्रदेशवासियों को रोशनी के इस पर्व पर बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
